जमशेदपुर: शबरी बस्ती संडे पाठशाला में रविवार को मित्रता दिवस एवं भारतीय कला-संस्कृति पर आधारित एक प्रेरणादायी और रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मित्रता, भारतीय संस्कृति और कला के विभिन्न पहलुओं को जाना।
कार्यक्रम का शुभारंभ पायल मूनका द्वारा तीन बार ‘ॐ’ के उच्चारण के साथ किया गया। इसके बाद मित्रता दिवस के अवसर पर बच्चों को श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पर आधारित ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई, जिसके माध्यम से सच्ची मित्रता, सहयोग और समर्पण का संदेश दिया गया। पूनम अग्रवाल ने भी मित्रता दिवस पर प्रेरणादायी कविता सुनाकर बच्चों को सच्चे मित्र के गुणों से परिचित कराया।
इसके पश्चात तेजस्विनी सिंह ने बच्चों को भारत की पारंपरिक मंडला आर्ट का प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी-अपनी कलाकृतियाँ तैयार कीं। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को भारतीय विरासत और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, एकाग्रता, धैर्य और सृजनात्मक सोच का विकास करना था।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई। आयोजकों ने बताया कि शबरी बस्ती संडे पाठशाला का उद्देश्य संस्कार, शिक्षा, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना है।















