Adityapur : आगामी 9 एवं 10 सितंबर 2026 को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन (National Conference on Women Leadership) की तैयारियों को लेकर रविवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न सत्रों, अतिथियों के आमंत्रण, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह सम्मेलन शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली, एनआईटी जमशेदपुर, श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर तथा इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने सम्मेलन को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया। इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह, डॉ. पियूष रंजन, महेंद्र सिंह, डॉ. शुक्ला महंती, डॉ. कविता परमार, डॉ. अंगद तिवारी, डॉ. अमर सिंह, डॉ. सरोज षाड़ंगी, श्रीमन नारायण त्रिगुण, प्रो. अमर नाथ सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. राम कृष्णा तथा डॉ. स्वीटी सिन्हा सहित कई शिक्षाविद एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के संयोजक की जिम्मेदारी डॉ. शुक्ला महंती (पूर्व कुलपति, कोल्हान विश्वविद्यालय) निभाएंगे। वहीं डॉ. कविता परमार एवं डॉ. सरोज षाड़ंगी को सह-संयोजक नियुक्त किया गया।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश से लगभग 150 महिला कुलपति, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, प्राचार्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला नेतृत्वकर्ता भाग लेंगी।
सम्मेलन में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. पंकज मित्तल तथा राष्ट्रीय संयोजक (महिला कार्य) सुश्री शोभा ताई की विशेष उपस्थिति रहेगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन महिला नेतृत्व के सशक्तिकरण, शिक्षा में नवाचार और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

















