जंतर-मंतर प्रदर्शन राजनीतिक एजेंडा, छात्रों का हित नहीं:  अखिल सिंह

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला प्रवक्ता अखिल सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन और संसद परिसर के बाहर हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि यह आंदोलन छात्रों के वास्तविक हितों की अपेक्षा विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का माध्यम अधिक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया गया, जबकि केंद्र सरकार ने पेपर लीक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की।

अखिल सिंह ने कहा कि सरकार ने प्रभावित अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संवैधानिक कदम उठाए और परीक्षा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र अपनी योग्यता के आधार पर मेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश लेकर अपने भविष्य के निर्माण में जुटे हैं। ऐसे समय में छात्रों के बीच भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब पूरा देश छात्रों की सफलता का जश्न मना रहा था, उसी समय विपक्ष द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान संसद की कार्यवाही और व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना सभी का अधिकार है, लेकिन संसद जैसी सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था की गरिमा बनाए रखना भी सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए, जिनमें कुछ प्रतिभागियों को आंदोलन के उद्देश्य की स्पष्ट जानकारी नहीं थी। उन्होंने मांग की कि यदि किसी शैक्षणिक संस्थान द्वारा छात्रों को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित या दबाव डाला गया है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

अखिल सिंह ने कहा कि धारा 370 और 35ए हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है तथा देश में अशांति फैलाने के किसी भी प्रयास को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’, रोजगार, नवाचार और स्टार्टअप जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का कार्य किया है। आज भारतीय युवा विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, खेल और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

अखिल सिंह ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि जनहित के ठोस मुद्दों के अभाव में वह युवाओं और छात्रों को राजनीतिक आंदोलन का माध्यम बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अवैध फंडिंग या देश को अस्थिर करने के उद्देश्य से कोई साजिश रची गई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें