महिला एवं बाल विकास समिति की बैठक में शामिल हुईं विधायक पूर्णिमा साहू, महिला सशक्तिकरण व बाल कल्याण पर हुई मंथन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राजधानी रांची स्थित झारखंड विधानसभा में आयोजित महिला एवं बाल विकास समिति की बैठक में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भाग लिया। समिति की सभापति एवं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महिलाओं और बच्चों के सशक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण, बच्चों के समग्र विकास, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसके अलावा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जमीनी स्तर पर उनकी प्रभावशीलता बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन हुआ।

बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गृह उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के लिए स्थानीय स्तर पर स्थायी बाजार उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाते हुए बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने और महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता बताई।

समिति में इस बात पर भी सहमति व्यक्त की गई कि महिलाओं और बच्चों का सशक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य ही एक समृद्ध, संवेदनशील और विकसित समाज की मजबूत आधारशिला है। इसी सोच के अनुरूप जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।

बैठक में समिति के सदस्य विधायक शशिभूषण मेहता, ममता देवी एवं निशात आलम भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें