Jamshedpur : शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र गोलमुरी मार्केट में रविवार देर रात एक पान दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, सिगरेट सहित हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां दुकान के भीतर का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी सहित कई सामान गायब थे।
उमेश कुमार के अनुसार, चोर दुकान में रखा करीब 10 हजार रुपये नकद से भरा पर्स अपने साथ ले गए। इसके अलावा 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इधर, गोलमुरी मार्केट के दुकानदारों ने हाल के दिनों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
















