कपाली में एक ही रात दो घरों में चोरी, नकदी-जेवरात ले उड़े चोर, इलाके में दहशत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : कपाली ओपी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को रहमत नगर वार्ड संख्या-15 में एक ही रात दो मकानों में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, जबकि पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की सूचना है।

पीड़ित मोहम्मद अफ़ज़ल ने बताया कि उनका नया मकान निर्माणाधीन है। इसी कारण उन्होंने घरेलू सामान पास के एक किराये के मकान में रखा था। गुरुवार रात पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह जब वे किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली हुई थी और बक्सों के ताले भी तोड़े जा चुके थे।

अफ़ज़ल के अनुसार, चोर सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल सहित करीब 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात तथा 32 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। वहीं, पड़ोस के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की जानकारी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, पुलिस पेट्रोलिंग को सुदृढ़ करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं, यह घटना कपाली ओपी पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती बन गई है

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.