रथयात्रा पर सरयू राय ने किया नवग्रह वाटिका का शिलान्यास, पीपल का पौधा लगाकर की शुरुआत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : रथयात्रा के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका के शिलान्यास का आयोजन किया गया। मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पीपल का पौधा रोपित कर नवग्रह वाटिका की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर सरयू राय ने बताया कि प्रस्तावित नवग्रह वाटिका लगभग 25×25 फीट (625 वर्ग फीट) क्षेत्र में विकसित की जाएगी। वाटिका में नौ ग्रहों के अनुरूप अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां प्रत्येक ग्रह से संबंधित पवित्र वृक्ष लगाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक चबूतरे पर संबंधित ग्रह की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गुरुवार देवगुरु बृहस्पति का दिन होने के कारण बृहस्पति ग्रह से जुड़े पीपल के पौधे का रोपण कर वाटिका का शुभारंभ किया गया। अन्य ग्रहों से संबंधित पौधों का रोपण उनके निर्धारित वार के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवग्रह वाटिका का निर्माण आगामी शारदीय नवरात्र तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरयू राय ने जानकारी दी कि एक दिन पूर्व महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज ने मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका के लिए स्थल चयन कर शंखनाद और नारियल फोड़कर भूमि पूजन कराया था। इस दौरान मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष पूजन भी संपन्न हुआ।

मंदिर परिसर में बुधवार से श्री तुलसीदास रचित रामचरितमानस का अखंड पाठ चल रहा था, जिसका समापन गुरुवार को हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खीर, पूड़ी, चटनी एवं मिक्सवेज महाप्रसाद का वितरण किया गया।

विधायक ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान लक्ष्मीनारायण, मां काली, भगवान शिव, श्री गणेश और श्री हनुमान जी के विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2024 में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दिन संपन्न हुई थी।

कार्यक्रम के सभी धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद पांडेय ने संपन्न कराए। इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार, विकास सिंह, समरेश सिंह, कुणाल कुमार, राहुल, दुर्गा कुमार, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.