खासमहल से आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, तैयारियां पूरी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर खासमहल स्थित श्री श्री जगन्नाथ प्रभु मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

मंदिर के सचिव लालो सरदार ने बताया कि सुबह से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शाम करीब चार बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का रथ मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेगा। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रभु का रथ खींचेंगे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।

लालो सरदार ने बताया कि रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति के सदस्य और स्वयंसेवक सभी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने तथा इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.