सिंहभूम चैंबर और टाटा स्टील ने सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में टाटा स्टील के सहयोग से “सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग, व्यापार और उपभोक्ताओं के बीच सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नकली उत्पादों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में टाटा स्टील के विशेषज्ञों ने औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन न केवल कार्यस्थल को सुरक्षित बनाता है, बल्कि उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित करता है।

विशेषज्ञों ने ब्रांड संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि बाजार में नकली और निम्न गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रतिष्ठित कंपनियों की साख को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों से केवल अधिकृत स्रोतों से उत्पाद खरीदने तथा किसी भी संदिग्ध या नकली उत्पाद की जानकारी संबंधित कंपनी एवं प्रशासन को तत्काल देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ब्रांड सुरक्षा, उत्पादों की पहचान, साइबर सुरक्षा और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी, शहर के विभिन्न व्यापारी, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.