Jamshedpur : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थानों में आयोजित की जा रही शांति समिति बैठकों के क्रम में मंगलवार को परसुडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित कुमार ने की। बैठक में थाना प्रभारी अविनाश कुमार, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान कानून-व्यवस्था एवं जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से बढ़ रहे अवैध नशे के कारोबार, खुलेआम शराबियों की अड्डेबाजी तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। सदस्यों ने कहा कि कई स्थानों पर नशे का कारोबार और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार जारी हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएसपी अमित कुमार ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल डीएसपी या थाना प्रभारी ही नहीं, बल्कि थाने का प्रत्येक पुलिसकर्मी जनता की शिकायत दर्ज करने और उसका समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने शिकायतों को डायरी में दर्ज कर नियमित पेट्रोलिंग के दौरान उनका निष्पादन करने के निर्देश दिए।

बैठक में परसुडीह गोलपहाड़ी शराब दुकान के आसपास तथा अन्य चौक-चौराहों पर शराबियों की अड्डेबाजी पर तत्काल कार्रवाई और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठी। इस पर डीएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
रात्रि गश्ती व्यवस्था को लेकर भी डीएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केवल वाहन में बैठकर गश्त करने से अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। पुलिसकर्मियों को वाहन से उतरकर संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त करनी होगी, ताकि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने टाटानगर स्टेशन क्षेत्र और कीनन स्टेडियम के आसपास रात के समय किन्नरों द्वारा राहगीरों से कथित रूप से जबरन पैसे मांगने तथा विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मुद्दा भी उठाया। सदस्यों ने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित कुमार ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए बागबेड़ा और परसुडीह थाना संयुक्त अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
















