Jamshedpur : परसुडीह मेन रोड स्थित माँ दुर्गा अपार्टमेंट के समीप लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को दूर करने के लिए 100 केवी क्षमता वाले पुराने ट्रांसफार्मर की जगह 200 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। सोमवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने इसका उद्घाटन किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार 100 केवी ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार कट-ऑफ की समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या की जानकारी स्थानीय नागरिकों ने विधायक मंगल कालिंदी को दी थी।
शिकायत मिलते ही विधायक ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद 200 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया।
उद्घाटन के अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि क्षेत्र की जो भी समस्याएं उनके संज्ञान में आती हैं, उनका समाधान पूरी जिम्मेदारी और प्राथमिकता के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में अभी भी आधारभूत विकास कार्यों की आवश्यकता है और चरणबद्ध तरीके से सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि नए ट्रांसफार्मर के लगने से स्थानीय लोगों को लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी तथा विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारु होगी।









