काम के दौरान हादसे के बाद जिओ कार्यालय में हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप, कर्मियों ने ऑफिस में जड़ा ताला।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : काम के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए एक जिओ कर्मी के इलाज में कथित लापरवाही और कंपनी की ओर से आर्थिक सहयोग नहीं मिलने के आरोप को लेकर सोमवार को आदित्यपुर स्थित प्रसिद्ध सिंह टावर में रिलायंस जिओ के कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित 20 से 30 कर्मियों ने कार्यालय का शटर गिराकर ताला लगा दिया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

काम के दौरान हुआ हादसा

घायल कर्मी जितेंद्र कुमार के भाई सुबोध कुमार ने आदित्यपुर थाना में दिए लिखित आवेदन में बताया कि बीती रात राजनगर थाना क्षेत्र में जिओ टावर पर कार्य के दौरान जितेंद्र कुमार और गोपाल दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।उन्होंने बताया साथी कर्मियों ने तत्काल उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया। आरोप है कि कंपनी की ओर से इलाज के लिए कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके बाद सहकर्मियों ने आपस में चंदा जुटाकर इलाज शुरू कराया।

इलाज का खर्च सुनकर लौट गए अधिकारी

सुबोध कुमार का आरोप है कंपनी के कुछ अधिकारी टीएमएच पहुंचे थे, लेकिन इलाज का खर्च अधिक होने की जानकारी मिलने के बाद बिना किसी सहायता के वापस लौट गए। इसके बाद जब कर्मचारी कार्यालय में अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचे तो कोई भी जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया।

कर्मियों ने जताया आक्रोश, थाने में दर्ज कराई शिकायत।

घटना से नाराज कर्मचारियों ने कार्यालय पहुंचकर शटर बंद कर दिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कंपनी घायल कर्मियों की जिम्मेदारी से बच रही है।सुबोध कुमार ने बताया घायल गोपाल की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज के लिए आर्थिक सहायता नहीं मिली तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।फिलहाल घायल कर्मी के भाई और अन्य कर्मचारियों ने कंपनी के खिलाफ आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें