Jamshedpur : टाटा स्टील ने टाटा क्लासएज के सहयोग से मराठा विद्या प्रसारक समाज (एमवीपीएस), नासिक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आठ दिवसीय स्पोर्ट्स एक्सीलेंस कैंप का सफलतापूर्वक समापन किया। 1 से 8 जुलाई 2026 तक आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति से परिचित कराना था।
एमवीपीएस, नासिक के 25 विद्यार्थियों के दल का जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी और हेड स्पोर्ट्स कैप्टन मनीष सिन्हा ने स्वागत किया। ओरिएंटेशन सत्र के साथ शुरू हुए इस शिविर में खिलाड़ियों के शारीरिक, तकनीकी और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
तीरंदाजी की आधुनिक तकनीकों का मिला प्रशिक्षण
शिविर का प्रमुख आकर्षण टाटा आर्चरी अकादमी में आयोजित विशेष तीरंदाजी प्रशिक्षण रहा। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ प्रशिक्षकों सुशांतो और पार्वती से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज पूर्णिमा महतो ने उन्नत तीरंदाजी तकनीकों पर विशेष कार्यशाला आयोजित कर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए आवश्यक कौशल और सटीकता की जानकारी दी।
खेल विज्ञान और फिटनेस पर विशेष फोकस
शिविर में आधुनिक खेल विज्ञान को भी प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मानसी बलसारा ने खिलाड़ियों को चोट से बचाव, रिकवरी और पेशेवर खेलों में शारीरिक तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) के अनुभव ने विद्यार्थियों को खेलों के वैज्ञानिक पक्ष को समझने का अवसर प्रदान किया।

विभिन्न खेलों और जमशेदपुर की खेल संस्कृति से कराया परिचय
शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने बास्केटबॉल, पिकलबॉल, आत्मरक्षा, जुंबा और वॉटर पोलो जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने नवल टाटा हॉकी अकादमी का दौरा कर अत्याधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को करीब से देखा।
विद्यार्थियों को जमशेदपुर की पहचान और विरासत से भी परिचित कराया गया। इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, सेंटर फॉर एक्सीलेंस और जुबली पार्क के प्रसिद्ध लेजर शो का आनंद लिया। शिविर का समापन घुड़सवारी सत्र और मैत्रीपूर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने शिविर के दौरान सीखे गए कौशल का प्रदर्शन किया।
टाटा स्टील ने कहा कि कंपनी फुटबॉल, तीरंदाजी, हॉकी समेत 20 से अधिक खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराकर युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रही है। यह पहल कंपनी के विज़न “चैंपियंस का निर्माण, समुदायों को प्रेरणा” को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









