Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के निर्देश पर बागबेड़ा मंडल कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, कचरा उठाव में अनियमितता और नालों की सफाई नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया। बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर प्रखंड के बीडीओ सुमित कुमार से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
इस दौरान कांग्रेस के जिला महासचिव एवं जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड प्रभारी राकेश साहू, प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, बागबेड़ा मंडल प्रभारी एवं जिला सचिव अरुण त्रिपाठी तथा सुल्तान अहमद सहित कई नेता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को बताया कि बागबेड़ा कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में समय पर कचरा उठाव नहीं होने से जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे वातावरण दूषित हो रहा है और दुर्गंध फैलने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बरसात से पहले बड़े नालों एवं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ज्ञापन सौंपते हुए जिला महासचिव राकेश साहू, मंडल प्रभारी अरुण त्रिपाठी एवं मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बागबेड़ा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव तथा सड़कों के बीच जमा कचरे का निस्तारण नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
नेताओं ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा यह अत्यंत गंभीर मामला है। प्रशासन को अविलंब प्रभावी कार्रवाई करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश कोऑर्डिनेटर परितोष सिंह, संजय झा, संत राजेंद्र सिंह, सूरज मुंडा, मनोज मिश्रा, रूबी ठाकुर, अनिरुद्ध पुरी, नारायण दे, केडी मुंडा, नागेंद्र सिंह, चंदन गुप्ता, मोहम्मद रियाज, बबलू गुप्ता, उमेश यादव, रवि यादव, यूथ कांग्रेस के सहदेव उपाध्याय, पूर्वी बागबेड़ा अध्यक्ष रवि कुमार यादव, राजेश कुमार दुबे, बृजेश मिश्रा, पप्पू कुमार, अजय कुमार, आदित्य कुमार, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








