Jamshedpur : बाल ज्ञान पीठ स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए छात्र परिषद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को नेतृत्व एवं उत्तरदायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या पी. पुष्पलता ने मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन ए. राकेश्वर पांडेय, गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर छात्र परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। चेयरमैन ए. राकेश्वर पांडेय एवं प्राचार्या पी. पुष्पलता ने छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उन्हें उनके पद की गरिमा और दायित्व का बोध कराया। साथ ही हेड बॉय एवं हेड गर्ल को विद्यालय ध्वज सौंपकर नेतृत्व की औपचारिक जिम्मेदारी प्रदान की।

प्राचार्या पी. पुष्पलता ने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यालय के आदर्शों, अनुशासन एवं परंपराओं का पालन करने तथा ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन ए. राकेश्वर पांडेय ने कहा कि सच्चा नेतृत्व सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना से विकसित होता है। वहीं प्राचार्या पी. पुष्पलता ने छात्र परिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के आदर्शों को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन और सेवा-भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








