Jamshedpur : प्रखंड के विभिन्न गांवों में मलेरिया संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए विधायक संजीव सरदार की पहल पर टाटा स्टील फाउंडेशन ने बुधवार को हरिणा पंचायत के कोंदर गांव एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कुल 100 मच्छरदानियों का वितरण किया।
विधायक संजीव सरदार ने कोंदर गांव के 80 ग्रामीणों के बीच मच्छरदानियां वितरित कीं, जबकि शेष मच्छरदानियां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और छात्राओं को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की।
मौके पर विधायक ने कहा कि पोटका के कुछ गांवों में मलेरिया संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में ग्रामीण अपने घरों के आसपास वर्षा का पानी जमा नहीं होने दें तथा रात में नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि शाम के समय घर के आसपास बेगना पत्ता जलाने से भी मच्छरों से बचाव में सहायता मिलती है। साथ ही उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने का आग्रह किया।
संजीव सरदार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार या मलेरिया के अन्य लक्षण दिखाई दें तो वह तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मलेरिया नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रहा है और ग्रामीणों को इस अभियान में स्वास्थ्यकर्मियों का पूरा सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता, समय पर जांच और बचाव के उपाय अपनाकर मलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के शिवशंकर कण्डेयांग, संजीत सरदार, रमेश सरदार, सर्वेश्वर सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।








