Jamshedpur : पोटका प्रखंड के मुक्तेश्वर धाम हरिणा मंदिर प्रांगण स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क में पर्यटकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से यहां कॉटेज, ट्री हाउस कॉटेज, स्विमिंग पूल और चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य मुक्तेश्वर धाम हरिणा को झारखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से बायो डायवर्सिटी पार्क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अब पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए यहां 14 आधुनिक कॉटेज, चार ट्री हाउस कॉटेज, स्विमिंग पूल और बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इन सभी कार्यों को अक्टूबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक ने कहा कि मुक्तेश्वर धाम हरिणा आज झारखंड का एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। नई सुविधाएं विकसित होने के बाद झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार तथा अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को बेहतर आवास और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार हरिणा को समग्र धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बज्रांकन दंडपात, दीपंकर सीट, विकास पंडा, वनरक्षी किशोर सोरेन, कल्याण साहू, रविंद्रनाथ महतो, पुष्पा मुर्मू, शिवचरण हेम्ब्रम, निवास हेम्ब्रम, नवीन झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।








