Jamshedpur : भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।
नंदजी प्रसाद ने बिष्टुपुर में हुई चाकूबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज और राज्य को झकझोर कर रख दिया है तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का अधिक ध्यान ट्रैफिक जांच तक सीमित है, जबकि शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, विशेषकर बिष्टुपुर में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है। उनका कहना था कि इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण युवाओं में नशे की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में विफल रही है और हालिया घटना के बाद केवल औपचारिक कार्रवाई करते हुए पुलिस पदाधिकारी का तबादला कर खानापूर्ति की गई है।
नंदजी प्रसाद ने कहा कि जमशेदपुर में शांति व्यवस्था बहाल करने, अपराध पर अंकुश लगाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों तथा आम नागरिकों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करेगी।








