टाटा आर्चरी अकादमी के तीन तीरंदाज अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम में चयनित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टाटा आर्चरी अकादमी (टीएए) के लिए गौरव का क्षण है। अकादमी के तीन प्रतिभाशाली तीरंदाज—गोल्डी मिश्रा, आदित्य वाधवा और के. युक्ता श्री—का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है।

टाटा आर्चरी अकादमी देश की अग्रणी तीरंदाजी प्रशिक्षण संस्थाओं में शामिल है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए जानी जाती है। खिलाड़ियों का यह चयन अकादमी की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

गोल्डी मिश्रा और आदित्य वाधवा का चयन एशिया कप स्टेज-2 एवं स्टेज-3 के साथ-साथ एशियन यूथ आर्चरी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी इराक, चीन और दुबई में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वहीं, के. युक्ता श्री का चयन एशिया कप स्टेज-2 एवं स्टेज-3 के लिए किया गया है। युक्ता ने चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई। इससे पहले भी वह चयन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।

इन प्रतियोगिताओं के लिए चयन ट्रायल्स हरियाणा के सोनीपत में आयोजित किए गए थे। ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, निरंतर प्रदर्शन और दबाव की परिस्थितियों में शानदार संयम का परिचय देते हुए भारतीय टीम में स्थान सुनिश्चित किया।

चयन ट्रायल्स के दौरान टाटा आर्चरी अकादमी के कोच अनिल कुमार, हेलेन और प्रसन्ना खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। वहीं मसाज थेरेपिस्ट अनुप और रूमा ने खिलाड़ियों को रिकवरी, फिटनेस और मानसिक रूप से तैयार रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

टाटा आर्चरी अकादमी ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ-साथ कोचों, सपोर्ट स्टाफ और उच्च प्रदर्शन वाले खेल वातावरण के निर्माण में जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों को दिया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.