Ranchi : झारखंड विधानसभा स्थित युवा कल्याण, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास समिति सभागार में सोमवार को समिति की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की सभापति एवं विधायक सविता महतो ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समिति द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। इस दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
बैठक में राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने और पर्यटन स्थलों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही युवा कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों को अधिक सक्रिय, जनोपयोगी और परिणामोन्मुखी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समिति के सदस्य विधायक निशांत आलम सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं युवाओं और पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।









