Jamshedpur : पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर प्रखंड के कूदादा में निर्माणाधीन पुलिया के अंतिम चरण के कार्य का निरीक्षण करने विधायक संजीव सरदार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, पथ निर्माण विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और संवेदक के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिया के एप्रोच रोड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए आगामी सात दिनों तक बड़े वाहनों का परिचालन डायवर्जन मार्ग से कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिया के निर्माण से कूदादा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना भी मजबूत होगी।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता तथा पथ निर्माण विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।









