दिल्ली स्पीड एंड लीड कप-2026 में टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन का शानदार प्रदर्शन, 15 पदकों पर किया कब्जा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) क्लाइंबिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने नई दिल्ली में आयोजित इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन दिल्ली स्पीड एंड लीड कप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, छह रजत और छह कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

स्पीड इवेंट में टीएसएएफ के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल सात पदक हासिल किए। वहीं लीड इवेंट में दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य समेत कुल आठ पदक जीतकर अकादमी का गौरव बढ़ाया।

अंडर-15 वर्ग में देबाशीष महतो ने स्पीड इवेंट में स्वर्ण और लीड इवेंट में रजत पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। ओपन विमेंस वर्ग में अनीशा वर्मा तथा अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में नंदिनी सिंह ने लीड इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा नीरज महतो, सुनील महतो, संगीता तियु, अमन वर्मा, मनीषा हांसदा, सागर पात्रो, सुकू सिंह, शंकर सिंह कुंतिया और साहिल कुमार दास ने भी विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर अकादमी का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कोच कुमार गौरव और तालीम अंसारी ने किया। टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण तथा स्पोर्ट्स डेवलपमेंट पार्टनर जेसीएपीसीपीएल के सहयोग को दिया।

टीएसएएफ की यह सफलता क्षेत्र में स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स के बढ़ते स्तर तथा खिलाड़ियों की निरंतर प्रगति का प्रमाण मानी जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.