Jamshedpur : राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत रविवार को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सीएचसी की चिकित्सक डॉ. प्रियंका कण्डुलना एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर डॉ. प्रियंका कण्डुलना ने कहा कि “दो बूंद जिंदगी” अभियान के तहत मनोहरपुर सीएचसी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), उप-स्वास्थ्य केंद्रों एवं निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ या आंगनबाड़ी केंद्र पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से असुरक्षित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्यकर्मी और आंगनबाड़ी सेविकाएं क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं तथा छूटे हुए बच्चों को भी चिह्नित कर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।









