विश्व पर्यावरण दिवस पर बदलाव महिला समिति ने किया नि:शुल्क पौधा वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बदलाव महिला समिति द्वारा लक्ष्मीनगर स्थित साईन्टिफिक उद्यान में नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। इसमें स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद बिहारी दूबे ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि बचपन से ही पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आदत विकसित की जाए तो पर्यावरण संकट की गंभीर समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. उदय प्रताप ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपनी स्वरचित कविता का पाठ किया। उनकी कविता ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया और खूब सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साईन्टिफिक एकेडमी के संचालक सतीश कुमार ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधों को बचाना और उन्हें विकसित करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान साईन्टिफिक उद्यान में विकसित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण छात्र-छात्राओं, संस्था के सदस्यों और स्थानीय लोगों के बीच किया गया। पौधे प्राप्त करने वालों ने उन्हें लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संध्या ठाकुर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर बदलाव संस्था के अशोक शर्मा, संजय कुमार, आई.डी. शर्मा, प्रियंका सिंह, संतोषी देवी, रितु सिंह, शिक्षक आर.के. सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, छात्र-छात्राएं एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.