Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला बार एसोसिएशन परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं के बीच 500 फलदार एवं फूलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को कल्पतरु एवं रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर किया गया। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश ने पारिजात का पौधा लगाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। वहीं अन्य न्यायिक पदाधिकारियों को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा पारिजात के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक बलवंत सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। उन्होंने कहा कि भोजन और पानी के बिना कुछ समय तक जीवन संभव है, लेकिन प्राणवायु के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि यदि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है तो वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि प्रकृति के सबसे बड़े दानी वृक्ष ही हैं, जो बिना किसी अपेक्षा के मानवता को फल, फूल, छाया और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम जिन पेड़ों का लाभ उठा रहे हैं, वे हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए थे। इसलिए हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनका संरक्षण करें।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एन. दास, उपाध्यक्ष बलाई पांडा, अभय सिंह, लकी हेंब्रम, विनीता, अमित सिंह, अखिलेश सिंह, चंद्र प्रकाश सिन्हा, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं के बीच फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण किया गया और उन्हें पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की जानकारी संयोजक बलवंत सिंह द्वारा दी गई।









