जनसुविधाओं में लापरवाही का आरोप, सरयू राय के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) पर जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में व्यापक अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि कई क्षेत्रों में कचरा उठाव की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिसके कारण नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में शहर की खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ती हैं। इसके अलावा पिछले वर्ष कई बार निविदा प्रक्रिया रद्द होने के बाद जिन विकास योजनाओं के लिए टेंडर निकाले गए थे, उन कार्यों की अब तक शुरुआत नहीं होने पर भी सवाल उठाया गया।

प्रतिनिधियों ने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत में देरी, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की बदहाल स्थिति तथा विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए छह ई-रिक्शा के बावजूद कचरा उठाव कार्य के बाधित रहने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि लगभग दो माह पूर्व साफ-सफाई व्यवस्था के लिए जेएनएसी द्वारा निविदा निकाली गई थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि अब तक नई निविदा क्यों नहीं निकाली गई और इसके पीछे क्या कारण हैं।

इसके अलावा जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में देरी, शिकायत निवारण प्रणाली के प्रभावी ढंग से कार्य नहीं करने तथा नागरिक समस्याओं के समाधान में प्रशासनिक सुस्ती का भी उल्लेख किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में मुकुल मिश्रा के अलावा चुन्नू भूमिज, उषा यादव, भीम सिंह, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज सिंह, कुँवर अतुल सिंह, रणजीत कुमार, तारक मुखर्जी, विनोद सिंह, ललित सिंह और बुद्धेश्वर कर्मकार सहित अन्य लोग शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.