Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले में मईया सम्मान योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा अपात्र लोगों की पहचान कर योजनाओं में पारदर्शिता लाई जा सके।
इसी क्रम में सोमवार को हंसाहुंडी स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष शिविर आयोजित कर लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई। प्रशासन द्वारा प्रत्येक वार्ड में दो-दो दिनों का शिविर निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों का सत्यापन समय पर पूरा हो सके। इससे पहले सरायकेला टाउन हॉल में वार्ड संख्या 5 और 6 के लिए भी सफलतापूर्वक सत्यापन शिविर आयोजित किया जा चुका है।
वहीं गम्हारिया प्रखंड में यह अभियान 11 मई से शुरू होकर 8 जून तक चलेगा। अधिकारियों ने सभी लाभार्थियों से निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर अपना भौतिक सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि पेंशन एवं सहायता राशि के भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान लाभार्थियों को आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, पैन कार्ड, आधार लिंक बैंक खाते की जानकारी तथा आवश्यकता पड़ने पर दिव्यांग प्रमाण पत्र या मृत्यु प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाने को कहा गया है।










