कुचाई प्रखंड तक पहुंची मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना, दलभंगा से जमशेदपुर के लिए बस सेवा शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों और मुख्य सड़कों से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना’ का विस्तार अब कुचाई प्रखंड तक कर दिया गया है। सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरीजा शंकर महतो ने कुचाई प्रखंड के दलभंगा से जमशेदपुर के लिए नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह बस सेवा मुख्य रूप से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करेगी। बस दलभंगा से खुलकर खरसावां, बुरुडीह, सरायकेला, बड़ाकांकड़ा, नारायणपुर, घाघी और आदित्यपुर होते हुए जमशेदपुर तक जाएगी। नई सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों के ग्रामीणों, छात्रों और मरीजों को शहर आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। अब लोगों को निजी वाहनों या लंबी प्रतीक्षा पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरीजा शंकर महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़कों एवं शहरों से जोड़ना है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीणों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक सुलभ परिवहन सुविधा पहुंचाना है।

बस सेवा शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि दलभंगा जैसे क्षेत्रों से जमशेदपुर जाने के लिए पहले सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.