पेयजल आपूर्ति व स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा, ड्राई जोन पर विशेष फोकस

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, ड्राई जोन की स्थिति, टैंकर से जलापूर्ति, चापाकल व जलमीनार की मरम्मत तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ड्राई जोन एवं टैंकर से जलापूर्ति वाले क्षेत्रों की अद्यतन सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित इलाकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से मानगो और बागबेड़ा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर नियमित निगरानी और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि पिछले एक माह में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 833 शिकायतों में से 755 का समाधान कर लिया गया है, जबकि शेष मामलों पर कार्य जारी है। उपायुक्त ने लंबित शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

चापाकल एवं जलमीनार की मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी खराब जल स्रोतों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द चालू किया जाए, ताकि गर्मी में आमजन को परेशानी न हो।

जल जीवन मिशन के तहत उपायुक्त ने वर्षा ऋतु से पहले सभी जलमीनार की टंकियों की अनिवार्य सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने बताया कि वर्ष में दो बार टंकियों की सफाई का प्रावधान है, जिसका सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के तहत बने और निर्माणाधीन आवासों में शौचालय निर्माण को अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया। विभाग की ओर से चालू माह में 529 शौचालय निर्माण पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में मार्च 2027 तक जिले के सभी 1640 गांवों को मॉडल विलेज बनाने के लक्ष्य की समीक्षा की गई। अब तक 357 गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा चुका है, जबकि शेष में कार्य प्रगति पर है। उपायुक्त ने सभी योजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार एवं सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.