Saraikela census 2027 : 16 मई से शुरू होगा पहला चरण, 15 मई तक सेल्फ एन्यूमरेशन का मौका

SHARE:

Adityapur : उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 16 मई से 14 जून 2026 तक की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि इस बार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक डिजिटल उपकरणों के माध्यम से आंकड़े संकलित कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत लोग se.census.gov.in पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

मकान सूचीकरण के दौरान परिवार के सदस्यों का विवरण, शैक्षणिक स्थिति, संसाधनों (टीवी, इंटरनेट, वाहन आदि) की उपलब्धता सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है।

जिले में इस कार्य के लिए 12 चार्ज (3 शहरी और 9 ग्रामीण) बनाए गए हैं, जबकि 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) गठित किए गए हैं। कुल 2518 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और 46 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल से 13 मई 2026 तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रगणक जब उनके घर आएं तो सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें।

उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि जनगणना जैसे बड़े अभियान में जागरूकता फैलाने में मीडिया की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

इस मौके पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें