जमशेदपुर में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सख्त

SHARE:

Jamshedpur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सदर प्रखंड के कीताडीह स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों की सतत कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप और उसकी समय-समय पर जांच अनिवार्य रूप से की जाए।



उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि दैनिक निरीक्षण रजिस्टर और लॉग बुक का संधारण पारदर्शी एवं अद्यतन रूप में किया जाए तथा किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट और रिपोर्टिंग प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ वेयरहाउस की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चर्चा भी की गई। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियांका सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धन्नंजय सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें