Saraikela press club : हजारीबाग घटना पर सरायकेला में आक्रोश, प्रेस क्लब ने सौंपा ज्ञापन, कड़ी कार्रवाई की मांग

SHARE:

Adityapur : हजारीबाग में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर पूरे झारखंड में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के संरक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त नितीश कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने घटना को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि यह केवल पत्रकारों पर हमला नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी गंभीर प्रहार है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का कर्तव्य सवाल उठाना है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी उन सवालों का जवाब देना है।

उन्होंने राज्य के मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समर्थकों द्वारा की गई यह घटना निंदनीय है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। साथ ही मांग की गई कि मंत्री स्वयं सामने आकर माफी मांगें और दोषियों को तत्काल पुलिस के हवाले किया जाए।

प्रमोद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि पत्रकारों की आवाज दबाई गई तो इसका असर आम जनता की आवाज पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और पत्रकार किसी भी दबाव में चुप नहीं बैठेंगे।

प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर विपिन वार्ष्णेय, दयाल लायक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें