मानगो में एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से उड़ रही धूल पर सख्ती, निगम ने दिए नियंत्रण के निर्देश

SHARE:

Jamshedpur : मानगो क्षेत्र में निर्माणाधीन कालीमंदिर–डिमना चौक–बालीगुमा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के दौरान बढ़ती धूल की समस्या को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम ने निर्माण एजेंसी को तत्काल प्रभाव से धूल नियंत्रण के लिए व्यापक उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास, यातायात सुगमता और जनसुविधा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सुविधा से समझौता नहीं किया जा सकता।

पिछले कुछ दिनों से स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और राहगीरों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि निर्माण कार्य के कारण सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ रही है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, दृश्यता में कमी और दैनिक आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर निगम ने निर्देश दिया है कि पूरे निर्माण क्षेत्र में प्रतिदिन कम-से-कम दो बार—सुबह और शाम—नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए। साथ ही, मौजूदा व्यवस्था के अतिरिक्त एक अतिरिक्त पानी टैंकर भी तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि धूल नियंत्रण कार्य प्रभावी ढंग से जारी रह सके।

इसके अलावा, जिन स्थानों पर मिट्टी कटिंग, मलबा डंपिंग, पाइलिंग और ड्रिलिंग का कार्य चल रहा है, वहां जरूरत के अनुसार बार-बार पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया है। निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों को ढंककर चलाने और सड़कों पर गिरे मलबे की नियमित सफाई के भी निर्देश दिए गए हैं।

निगम ने यह भी कहा है कि निर्माण एजेंसी एक जिम्मेदार फील्ड मॉनिटरिंग टीम तैनात करे, ताकि आम नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को न्यूनतम असुविधा हो।

निगम ने दोहराया कि मानगो की जनता विकास कार्यों का स्वागत करती है, लेकिन इसके साथ जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधा की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। साथ ही, निर्माण एजेंसी से जल्द अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें