बागबेड़ा में 500 मीटर नया XLPE केबल बिछाया गया, बिजली आपूर्ति होगी सुचारु

SHARE:

Jamshedpur : शहर के बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 3 में लंबे समय से चल रही अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। विद्युत विभाग ने यहां करीब 500 मीटर नया कवर XLPE केबल बिछाकर बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने का काम किया।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के आग्रह पर विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक के निर्देशानुसार यह कार्य किया गया। इस दौरान जर्जर और पुराने तारों को हटाकर आधुनिक केबल लगाए गए, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और स्थिर हो सके।

साथ ही, ओवरलोडिंग की समस्या को कम करने के लिए हर विद्युत पोल पर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स भी लगाए गए हैं। इस पहल से बार-बार तार जलने और बिजली बाधित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

सुनील गुप्ता ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हाल ही में विभाग को मांग पत्र सौंपा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सुबह से शाम तक कार्य किया गया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुछ कार्य अभी शेष है, जिसे बुधवार तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी।

इस त्वरित पहल से स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने विद्युत विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की है।

Leave a Comment