मनोहरपुर में सड़क हादसा: स्कूल से लौट रही छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में राउरकेला रेफर

SHARE:

Manoharpur : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के उन्धन–रांची मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना उस समय हुई जब छात्रा स्कूल से साइकिल से घर लौट रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उंधन गांव के पास पंकज खाद दुकान के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं बाइक पर सवार दो युवकों को भी हल्की चोटें आई हैं।

घायल छात्रा की पहचान संत अगस्तीन स्कूल की छात्रा एलिश तिर्की के रूप में हुई है, जो तिरला गांव की रहने वाली है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण रंजित महतो और गोवर्धन ठाकुर ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया।

इस घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्त करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Comment