Jamshedpur : नेशनल हाईवे-220 पर हाता माता आश्रम के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें गांधी कॉलेज के तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे ने एक बार फिर अधूरे सड़क निर्माण और ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवकाश के दिन तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर हाता बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नव-निर्मित पुलिया के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया के दोनों छोर पर पहुंच पथ का निर्माण महीनों से अधूरा पड़ा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। बताया गया कि इस स्थान पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पोटका पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा, जहां दो छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों में बोकारो निवासी अल्ताफ राजा, चांडिल के मनोज गोप और उनका एक अन्य साथी शामिल हैं, जो गांधी कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। सामाजिक कार्यकर्ता आनंद पाल और तापस बिशोय ने ठेकेदार की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, तो स्थानीय लोग पुलिया को बंद कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।











