Seraikela : नगर पंचायत सरायकेला में डे-एनयूएलएम योजना को प्रभावी बनाने और महिला समूहों व स्ट्रीट वेंडरों के सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सीएम मनी मुकुट सोरेन, सीओ मनोज खाखा, कंप्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश शर्मा, सीआरपी सहित नगर पंचायत के अधिकांश वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी भी संधारित की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 96 महिला स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं, जिनमें से 6 समूह निष्क्रिय हो चुके हैं। इन्हें पुनः सक्रिय करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, डे-एनयूएलएम योजना के तहत 70 समूहों को अब तक लाभ मिल चुका है, जबकि शेष 26 समूहों को लाभ दिलाने के लिए विभाग से पत्राचार किया जाएगा।
महिला समूहों के सशक्तिकरण के लिए बैंक लिंकेज सुनिश्चित करने हेतु विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिन समूहों का बैंक लिंकेज हो चुका है, उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, नगर क्षेत्र के 10 उत्कृष्ट महिला समूहों के कार्यों का वीडियो क्लिप तैयार कर उन्हें सम्मानित करने की योजना बनाई गई है।
स्ट्रीट वेंडरों के हित में भी अहम फैसला लिया गया। 27 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे सरायकेला टाउन हॉल में वेंडर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के सभी फुटपाथ विक्रेताओं का विस्तृत डाटा तैयार कर 30 दिनों के भीतर सूचीबद्ध करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वेंडर लोन प्राप्त लाभुकों की सूची और वेंडिंग जोन निर्माण की अद्यतन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र में स्किल ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए विभाग को पत्राचार करने तथा वैकल्पिक रूप से आंतरिक संसाधनों से इसे शुरू करने की संभावनाओं पर विचार करने का निर्णय लिया गया।
इस पहल से महिला समूहों और वेंडरों को सशक्तिकरण का नया अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।











