सरायकेला-चांडिल में मासिक लोक अदालत सफल, 29 मामलों का निष्पादन, 4.43 लाख की वसूली

SHARE:

सरायकेला। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सिविल कोर्ट, सरायकेला एवं अनुमंडलीय न्यायालय, चांडिल में आयोजित मासिक लोक अदालत सह एनआई एक्ट मामलों की विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 29 मामलों का निष्पादन करते हुए 4,43,350 रुपये की राजस्व वसूली की गई।

लोक अदालत में मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कुल 9 बेंचों का गठन किया गया था, जिनमें न्यायिक पदाधिकारी एवं पैनल सदस्य शामिल रहे। कार्यवाही के दौरान वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन को व्यापक सफलता मिली।

विशेष रूप से परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से जुड़े 2 मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया गया, जिसमें कुल 3 लाख रुपये की राशि पर समझौता हुआ। यह लोक अदालत एक बार फिर त्वरित, सुलभ और कम खर्चीले न्याय के प्रभावी माध्यम के रूप में साबित हुई।

आयोजन के माध्यम से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम हुआ, बल्कि पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान भी सुनिश्चित हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे इसे “न्याय का उत्सव” कहा जाना सार्थक प्रतीत हुआ।

उल्लेखनीय है कि मासिक लोक अदालत का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को किया जाता है, जो विवादों के समाधान के लिए एक नियमित मंच प्रदान करता है। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (प्रभारी), सरायकेला-खरसावां के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें