Potka : पोटका प्रखंड के डोमजूरी पंचायत अंतर्गत राजदोहा गांव में ‘रुआर’ कार्यक्रम के तहत विशेष नामांकन अभियान चलाकर एक भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे, इसके लिए जनप्रतिनिधि और शिक्षक मिलकर प्रयास कर रहे हैं। उत्क्रमिक उच्च विद्यालय राजदोहा में चलाए जा रहे इस अभियान का नेतृत्व पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू कर रही हैं।
अभियान के तहत ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है जो कभी स्कूल नहीं गए, या नामांकन के बाद पढ़ाई छोड़ चुके हैं, अथवा आर्थिक तंगी के कारण विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। टीम घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रेरित कर रही है।
इस पहल में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मुकुल कुमारी, शिक्षकगण, वार्ड सदस्य और जागरूक अभिभावक सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। अभियान के दौरान न केवल नामांकन पर जोर दिया जा रहा है, बल्कि अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
इसके साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
मुखिया अनीता मुर्मू ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से न सिर्फ नामांकन में वृद्धि होगी, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित होगी।










