Seraikela : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस दरबार में आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, पारिवारिक लाभ में विलंब, खरसावां प्रखंड के मौजा पटपट में कृषि भूमि पर जबरन दखल, चांडिल अनुमंडल में पैसा नियमावली 2025 के अनुरूप पारंपरिक मांझी बाबा को ग्राम सभा अध्यक्ष के रूप में अधिसूचित करने, गम्हरिया क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर रोक, आदित्यपुर में निजी स्कूलों द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली, धान अधिप्राप्ति से वंचित किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण सहित कई मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।
इसके अलावा राशन, पेंशन, पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं ने भी प्रशासन का ध्यान खींचा। उपायुक्त ने सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की जांच कर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों का निष्पादन तुरंत संभव है, उन्हें अविलंब पूरा करने और अन्य मामलों में शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समुचित समाधान हो सके। साथ ही जानकारी दी गई कि साप्ताहिक जनता दरबार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को कार्यालय दिवस पर आयोजित किया जाता है, जबकि अवकाश के दिनों में इसका आयोजन नहीं किया जाता।











