Jamshedpur : जमशेदपुर में आयोजित ओवर-40 टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मास्टर क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) रेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में एमसीए रेंजर्स ने एमसीए वॉरियर्स को 20 रन से हराकर टूर्नामेंट जीत लिया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीए रेंजर्स की टीम ने 19.2 ओवर में 131 रन बनाए। टीम की ओर से संजय कुमार सिन्हा ने 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि मनप्रीत सिंह ने तेज 21 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीए वॉरियर्स की टीम 19.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। वॉरियर्स की ओर से अतुल राय ने 32 और बीजय कुमार ने 38 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में रेंजर्स के अविनाश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि पी. साहू ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुरुषोत्तम साहू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में एमसीए चैलेंजर्स ने एमसीए राइडर्स को 20 रन से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
टूर्नामेंट के व्यक्तिगत पुरस्कारों में बीजय कुमार को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’, भोलाप्रसाद सिंह को ‘बेस्ट बॉलर’ और केवी श्रीनिवासन को ‘बेस्ट बैटर’ का खिताब मिला। वहीं सुरेंद्र प्रसाद को ‘सर्वश्रेष्ठ फील्डर’ और मनप्रीत सिंह को ‘सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर’ चुना गया।
समापन समारोह में पूर्व रणजी खिलाड़ी केवीपी राव, सतिश सिंह, डॉ. उमेश प्रसाद और डीएसपी भोलाप्रसाद सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।










