लेटलतीफी दूर नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन, रेल यात्री संघर्ष समिति का अल्टीमेटम

SHARE:

Jamshedpur : ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और यात्रियों की बढ़ती परेशानियों को लेकर रेल यात्री संघर्ष समिति ने एक बार फिर रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल एआरएम कार्यालय पहुंचा और चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

संयोजक शिवशंकर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक यात्रियों को जोड़कर उनकी आवाज बुलंद की जाएगी। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।


ज्ञापन में समिति ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मालगाड़ियों के संचालन के लिए पर्याप्त आधारभूत संरचना नहीं है, तो फिर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता क्यों दी जा रही है। इससे आम यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।

समिति ने यह भी आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस कारण के यात्री ट्रेनों को रोका जा रहा है, जबकि उनकी समय-सारणी निर्धारित होती है। इसके बावजूद इस व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा है।


ज्ञापन में यह भी कहा गया कि हाल ही में जमशेदपुर के सांसद द्वारा इस मुद्दे को रेल मंत्री के समक्ष उठाया गया था, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चक्रधरपुर मंडल के स्तर पर इनका पालन नहीं हो रहा है।

समिति ने रेल मंत्री के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। ट्रेनों के 1 से 6 घंटे तक लेट होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।


ज्ञापन में 7 अप्रैल 2026 को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हुए धरना-प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा गया कि हजारों यात्रियों की मौजूदगी में रेलवे प्रशासन को पहले ही चेताया गया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

प्रतिनिधिमंडल में जद(यू) महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, सतीश सिंह, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, मनोज ठाकुर, सन्नी परिहार, अमित मैती एवं सन्नी सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

Leave a Comment