सरयू राय की छवि धूमिल करने की साजिश: जदयू युवा मोर्चा, आरोप साबित करें या माफी मांगें

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जदयू युवा मोर्चा के महासचिव पप्पू सिंह, जिलाध्यक्ष नीरज सिंह और नेता पिंटू ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर स्वयंभू नेता विकास सिंह और गोपाल यादव पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की छवि धूमिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

जदयू नेताओं ने कहा कि विकास सिंह कथित रूप से निजी स्वार्थ के कारण लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि धनबाद क्षेत्र में अवैध खनन के मुद्दे पर विधायक सरयू राय के सख्त रुख के कारण विकास सिंह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं गोपाल यादव पर आरोप लगाया गया कि वे अपने राजनीतिक आका बन्ना गुप्ता की हार से आहत होकर इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।

प्रेस वक्तव्य में कहा गया कि डिमना चौक के समीप जयपाल कॉलोनी में विधायक निधि से बनी सड़क में भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक की अनुशंसा के बाद उप विकास आयुक्त द्वारा योजना की जांच की जाती है, फिर तकनीकी प्राक्कलन तैयार होता है और इसके बाद कार्य एजेंसी के रूप में मानगो नगर निगम निर्माण कार्य करता है।

जदयू नेताओं के अनुसार, शिकायत के बाद उपायुक्त के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें सड़क की लंबाई और गुणवत्ता सही पाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि अभी तक इस योजना से जुड़े किसी भी पक्ष को भुगतान नहीं किया गया है।

जदयू युवा मोर्चा ने विकास सिंह और गोपाल यादव से अपने आरोपों को प्रमाणित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वे अपने आरोपों को साबित नहीं कर पाते हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.