रेल यात्री संघर्ष समिति ने डीआरएम के नाम ज्ञापन एआरएम दफ्तर को सौंपा

SHARE:

Jamshedpur:रेल यात्रियों की बढ़ती परेशानियों और ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपना रुख और कड़ा कर दिया है। मंगलवार को समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल एआरएम कार्यालय पहुंचा और चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या दूर नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर वृहत हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक यात्रियों को जोड़कर उनकी आवाज को मजबूत किया जाएगा। साथ ही स्टेशन परिसरों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।


ज्ञापन में रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि जब पर्याप्त आधारभूत संरचना उपलब्ध नहीं है, तो बड़ी संख्या में मालगाड़ियों का संचालन कर यात्री ट्रेनों को क्यों बाधित किया जा रहा है। समिति का आरोप है कि बिना किसी ठोस कारण के यात्री ट्रेनों को रोका जा रहा है और मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

समिति ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर किसके निर्देश पर यात्री ट्रेनों को रोका जा रहा है, जबकि उनकी समय-सारणी निर्धारित होती है, इसके बावजूद उसका पालन नहीं किया जा रहा।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में जमशेदपुर के सांसद द्वारा इस समस्या से रेल मंत्री को अवगत कराया गया था, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चक्रधरपुर मंडल स्तर पर इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है।

समिति ने रेल मंत्री के उस बयान का हवाला भी दिया, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा। अखबारों में प्रतिदिन ट्रेनों के 1 से 6 घंटे तक लेट होने की खबरें प्रकाशित हो रही हैं, जिससे रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।


ज्ञापन में 7 अप्रैल 2026 को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हुए धरना-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा गया कि हजारों यात्रियों की मौजूदगी में रेलवे प्रशासन को पहले ही चेताया गया था। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में जद(यू) महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, सतीश सिंह, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, मनोज ठाकुर, सन्नी परिहार, अमित मैती और सन्नी सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें