Jamshedpur : शहर के गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक नौ दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ का शुभारंभ 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र उत्तरवाहिनी गंगाजल से भरे कलश के साथ हजारों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, शामिल होंगी।
समिति का कहना है कि यह नौ दिवसीय महायज्ञ सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व होगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8:30 बजे तक भजन, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश देंगे।
यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जहां बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री 21 सदस्यीय दल के साथ वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। पूरे परिसर को 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं, केसरिया ध्वज और आकर्षक विद्युत सज्जा से दिव्य रूप दिया गया है।
समिति ने बताया कि सुरक्षा, पार्किंग और अन्य सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।
मुख्य यज्ञ और पूर्णाहुति 1 मई को संपन्न होगी, जबकि 2 मई को रामार्चा पूजा एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में श्री श्री 108 जयमंगला बाबा, अनिल ठाकुर, बिट्टू तिवारी, सत्येंद्र सिंह, योगी चौधरी, हरेराम यादव, प्रेम झा, अनिल सिंह, राजेश सिंह और लालबाबू यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










