Jamshedpur : सांसद बिद्युत बरण महतो ने संसद के विशेष सत्र के उपरांत रेलवे के कार्यपालक निदेशक (जन शिकायत) विकास जैन से मुलाकात कर टाटानगर/जमशेदपुर से जुड़े विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान विकास जैन ने रेल मंत्री द्वारा सांसद को भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए बताया कि टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पांड्रासाली और कांड्रा के बीच चौथी एवं पांचवीं रेलवे लाइन निर्माण की योजना पर कार्य प्रगति पर है। साथ ही टाटानगर के समीप एक सैटेलाइट स्टेशन के विकास की भी योजना है, जिसके लिए फाइनल लोकेशन सर्वे को स्वीकृति मिल चुकी है।
सांसद महतो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी उठाया। इसमें स्टेशन पर चार अतिरिक्त लूप लाइन और प्लेटफॉर्म निर्माण (लगभग 482 करोड़ रुपये) तथा वंदे भारत कोच डिपो निर्माण (लगभग 383.78 करोड़ रुपये) शामिल हैं। ये दोनों प्रस्ताव फिलहाल रेलवे बोर्ड में स्वीकृति के लिए लंबित हैं। इस पर विकास जैन ने आश्वासन दिया कि इन मामलों को रेल मंत्री के संज्ञान में लाया गया है और जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है।
इसके अलावा सांसद ने टाटा से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस पर बताया गया कि वर्तमान प्रस्तावित रूट लंबा होने के कारण उसमें संशोधन का सुझाव दिया गया है और अब कम दूरी वाले मार्ग पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
सांसद महतो ने अंत्योदय एक्सप्रेस के पुनः परिचालन की मांग करते हुए उसमें सामान्य के साथ आरक्षित श्रेणी के कोच जोड़ने की बात कही, ताकि सेवा को लाभकारी बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने टाटा से बेंगलुरु के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रखा, जो खड़गपुर, भुवनेश्वर, आंध्र प्रदेश और काटपाडी होते हुए बेंगलुरु तक जाए। इस पर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस रूट पर ट्रेन चलाने की संभावना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुलाकात के बाद सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि टाटानगर रेलवे से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का प्रयास जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में टाटानगर स्टेशन और यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।










