Jamshedpur : Potka प्रखंड क्षेत्र में सरकारी आवास योजनाओं में बिचौलियों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के डोमजूरी पंचायत अंतर्गत खुर्शी गांव निवासी दुली मुर्मू से आबुआ आवास के नाम पर ₹1 लाख 7 हजार की ठगी का मामला प्रकाश में आया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में दुली मुर्मू को आबुआ आवास योजना स्वीकृत हुई थी। इसी दौरान कुलडीहा पंचायत के भुरकाडीह निवासी दिलीप कुमार भगत ने उनसे संपर्क कर घर निर्माण कराने का भरोसा दिया और 11 मार्च 2025 को ₹1.07 लाख ले लिए। राशि लेने के बाद वह फरार हो गया।
काफी खोजबीन के बाद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो पीड़िता ने डोमजूरी पंचायत की मुखिया Anita Murmu से शिकायत की। मुखिया ने पहल करते हुए आरोपी को खोज निकाला और 19 दिसंबर 2025 को जादूगोड़ा थाना लाकर उससे इकरारनामा कराया गया। इसमें उसने एक माह के भीतर घर का छत ढलाई करने का वादा किया, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया।
इसके बाद 1 अप्रैल 2026 को पुनः एक सप्ताह में काम पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया गया, परंतु इस बार भी उसने वादा नहीं निभाया। अंततः पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ जादूगोड़ा थाना में मामला दर्ज कराया।
मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ग्वालकाटा पंचायत के तीन सबर लाभुक—देवारी सबर, मोहना सबर और सहदेव सबर—से भी आवास निर्माण के नाम पर पैसे लेकर काम नहीं किया।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में तत्कालीन आवास कोऑर्डिनेटर तापस त्रिपाठी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वर्तमान में उनका स्थानांतरण दूसरे प्रखंड में हो चुका है।
मुखिया अनीता मुर्मू ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिचौलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोग सावधान हो जाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











