चांडिल में अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी, कई ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

SHARE:

Chandil : कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। प्रभारी सीओ अभय द्विवेदी ने तिरुलडीह थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान जैसे ही अवैध बालू ढो रहे ट्रैक्टर चालकों ने प्रशासनिक टीम को देखा, वे बालू को रास्ते में ही गिराकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान कारकीडीह गांव के समीप एक ट्रैक्टर कीचड़ में फंस गया, जिसे टीम ने कब्जे में ले लिया।

कार्रवाई के क्रम में प्रशासन ने पकड़े गए ट्रैक्टरों की बैटरियां जब्त कर लीं तथा चालकों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। वहीं पीछा कर दो अन्य ट्रैक्टरों को भी पकड़ा गया। सभी संबंधित वाहन मालिकों को सीओ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

प्रभारी सीओ अभय द्विवेदी ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान कई ट्रैक्टर भाग निकले, लेकिन पकड़े गए वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ रोजाना निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह और ईचागढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी घाटों से प्रतिदिन भारी मात्रा में अवैध बालू का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन किया जा रहा है। बाद में इन्हें हाइवा वाहनों के माध्यम से रांची, जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल भेजा जाता है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तिरुलडीह चौक पर लगाए गए चेकनाका का भी सीओ ने निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात दंडाधिकारी और पुलिस बल को सख्त निर्देश दिए कि हर छोटे-बड़े वाहन की गहन जांच की जाए और किसी भी हालत में अवैध सामान का परिवहन न होने दिया जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment