Adityapur : जिले में गौ हत्या से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरायकेला पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी मो. दानिश (26) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेडिकल जांच कराकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर की देर रात एक पिकअप वैन से चार गायों को सरायकेला से Jamshedpur ले जाया जा रहा था। बड़ाकांकड़ा के समीप पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरा आरोपी मो. दानिश फरार हो गया था।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने चार गायों को बरामद किया था। मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता और प्रतिबंधित पशुओं की हत्या से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मंगलवार देर रात चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत इमामबाड़ा हाशमी मोहल्ला स्थित उसके घर पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।











