जमशेदपुर के बिरसानगर में ईस्टर महोत्सव का भव्य समापन, भक्ति गीतों और संदेशों से गूंजा माहौल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन, जमशेदपुर के तत्वावधान में बिरसानगर स्थित गुड़िया मैदान में आयोजित दो दिवसीय ईस्टर महोत्सव का समापन बुधवार को भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जहां प्रभु यीशु मसीह की आराधना और संदेशों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

समापन समारोह के दौरान बराक टीम द्वारा प्रभु यीशु मसीह के भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, खरगापुर से आए पास्टर डेविड सोलोमन ने विशेष आराधना का नेतृत्व करते हुए प्रभु के गीतों के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंगलोर से आए डॉ. प्रॉफेट फ्रैंकलिन जोश्वा ने अपने संबोधन में यीशु मसीह को “शांति का राजकुमार” बताते हुए कहा कि उनके माध्यम से मनुष्य अपने पापों से मुक्ति पाकर सच्ची शांति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बाइबल के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वास के माध्यम से परमेश्वर के साथ संबंध स्थापित होता है और वहीं से शांति की शुरुआत होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रभु यीशु जीवन के कठिन परिस्थितियों और तूफानों के बीच भी आंतरिक शांति प्रदान करते हैं। उनकी दी हुई शांति सांसारिक शांति से अलग, स्थायी और अलौकिक होती है, जो मन और हृदय दोनों को संतुलित करती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संजीव बांसरियर, दीपक महतो, नोएल कर्मकार, आशीष समानता, दिमू, रोशन और संजय सहित यूथ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के अंत में सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.